उफ्फ! गाड़ी लूटने के लिए ‘‘सगी मां को भी मार दिया?’’



सैदपुर। थानाक्षेत्र के औड़िहार स्थित राजमार्ग पर बुधवार की देररात वाहन चालक को एक जहरखुरान लुटेरे ने नशीला पदार्थ खिलाकर उससे कार समेत मोबाइल व रूपए लूट लिया और उसे सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया। अगले दिन सुबह उधर से गुजर रहे लोगों ने चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। घटना के बाद पीड़ित के परिजनों ने थाने पर सूचना दी।



वाराणसी के डीएलडब्ल्यू निवासी विजय बहादुर यादव 35 किराए पर अपनी टवेरा गाड़ी चलाते हैं। बुधवार की रात करीब 2 बजे वो किसी सवारी के इंतजार में कैंट के पास थे कि उनके पास एक युवक आया और खुद को गाजीपुर के सिधौना का निवासी बताया और कहा कि वो इलाहाबाद में रहकर गाड़ी चलाता है। उसकी मां का निधन हो गया है जिसके लिए मुझे सिधौना जाना है। इस पर विजय मामूली किराए पर उसे सिधौना छोड़ने के लिए तैयार हो गया। इस बीच आशापुर रेलवे क्रासिंग पर जाम होने के कारण युवक गाड़ी से उतरा और दो शीतल पेय खरीद लाया और उसमें नशीला पदार्थ मिलाकर विजय को देने लगा। विजय ने मना किया तो युवक ने काफी जिद की तो विजय ने एक घूंट पी लिया। अभी वो कुछ ही दूर बढ़े थे कि विजय पर दवा असर करने लगी और उसे नींद आने लगी। इस दौरान गाड़ी में मौजूद मां की याद में रोने का नाटक कर रहे युवक ने कहा कि अगर नींद आ रही है तो गाड़ी वो चला लेगा। विजय ने गाड़ी दे दिया और सो गया। इसके बाद जहरखुरान ने उसे सिधौना से करीब 12 किमी दूर मुड़ियार के पास लाकर विजय को सड़क पर फेंक दिया और खुद उसकी जेब में रखे 1900 रूपया व मोबाइल समेत उसकी टवेरा लेकर फरार हो गया। अगले दिन विजय को स्थानीय लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। फिलहाल उसका इलाज जारी है वहीं उसके परिजनों ने पुलिस को सूचना दी है। इस बाबत कोतवाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अब खुद ‘‘संसद’’ चलाएंगे ज्ञान भारती के बच्चे??
चाय बनाते झुलसी विवाहिता >>