पकड़े गए 87 बेटिकट व अवैध यात्री, वसूला गया भारी भरकम जुर्माना

औड़िहार। क्षेत्र के औड़िहार जंक्शन पर बुधवार को बेटिकट व अवैध टिकट रखने वाले यात्रियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान अभियान में बेटिकट व सामान्य टिकट पर एक्सप्रेस व आरक्षित बोगियों में यात्रा करने वाले 87 यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे हजारों का जुर्माना वसूला गया।
ट्रेनों में अवैध रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों की शिकायत पर पूर्वोत्तर रेलवे के सहायक वाणिज्य प्रबन्धक एके सुमन, मुख्य टिकट निरीक्षक एके मुखर्जी व रीना श्रीवास्तव के नेतृत्व में औड़िहार जंक्शन पर अभियान चलाया गया। इस दौरान अभियान में बिना टिकट व सामान्य टिकट लेकर एक्सप्रेस ट्रेन के शयनयान और एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा, महिलाओं व दिव्यांग कोच में अपात्रों द्वारा यात्रा कर रहे 87 लोगों की धरपकड़ की गई। पकड़े गए सभी यात्रियों से कुल 58 हजार 970 रूपए का जुर्माना वसूला गया और कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। इसके पश्चात स्टेशन परिसर में साफ सफाई व अन्य हिस्सों का भी निरीक्षण किया। स्टेशन अधीक्षक आरके सिंह को समुचित सफाई के लिए निर्देशित किया। इस दौरान करीब आधा दर्जन ट्रेनों में जांच की गई। इस मौके पर आरपीएफ उपनिरीक्षक आरके यादव, सन्तोष राय, डीएन सिंह, सदानंद यादव, पीके झा, कृष्ण गोपाल यादव, केके राय, मारुख खान, बिरजू यादव समेत लगभग डेढ़ दर्जन टिकट परीक्षक व 3 दर्जन रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे।

