2019 में अपनी गलती सुधारेगी जनता, बैठक में गरजे भाकपा कार्यकर्ता

नंदगंज। भ्रष्टाचार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की मूल्य वृद्धि आम जनता पर जुल्म ढाने लगी है, बेरोजगार बेहाल हैं, किसान आत्महत्या कर रहे हैं परंतु जनविरोधी कार्पोरेट की सेवा में मस्त सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
उक्त बातें बुधवार को क्षेत्र के देवकली ब्लाक कमेटी स्थित हनुमान मंदिर पर आयोजित भाकपा माले की बैठक में जिला सचिव अमेरिका सिंह ने कही। कहा कि जनविरोधी सरकार के इस हिटलरशाही के खिलाफ बदलाव की दिशा में हमें अपनी जंग तेज करनी होगी। कहा कि देश के तथाकथित चौकीदार द्वारा अच्छे दिन आने, विकास तेज होने, सभी को काम देने का नारा देकर तरक्की का झूठा ढिंढोरा पीटा जा रहा है। जबकि स्थिति एकदम से इसके विपरीत है। उनके झूठ बोलने की सीमा पार हो गई है और अब तो जनता भी बेसब्री से उन्हें हटाने के लिए 2019 का इंतजार कर रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि योगी सरकार के पास प्रदेश के विकास का कोई विजन ही नहीं है। कानून व्यवस्था राम भरोसे है, युवाओं को नौकरी देने हेतु कोई परीक्षा सही सलामत नहीं हो रही है, नौकरी पाने वालों की जांच चल रही है, भ्रष्टाचार चरम पर है। इसके अलावा उत्खनन बंद, आरा मशीन बंद, बूचड़खाना बंद, पशुमेला बंद आदि नारों ने लोगों को सड़क पर ला दिया है। पशुपालक बर्बाद हो रहे हैं। नंदगंज की चीनी मिल चालू करने के लिए बड़ा आंदोलन हुआ। भाजपा एमएलसी ने इसे चालू कराने की घोषणा की परंतु अभी तक कुछ नहीं हुआ। खंड विकास कार्यालय द्वारा विकास कार्यों में कमीशनखोरी जारी है, इसके खिलाफ लड़ना होगा। इस दौरान ब्लॉक मंत्री बच्चेलाल यादव ने समस्या मूलक एवं संगठन आंदोलन संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत किया। बैठक के एजेंडे पर व्यापक विचार विमर्श के बाद 21 सितंबर को केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए नंदगंज बाजार में धन संग्रह करने तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक सार्वजनिक सभा करने का फैसला किया गया। ब्रांच कमेटियों की बैठकें भी करने का निश्चय किया गया। बैठक में राजनाथ सिपाही, बेचू कश्यप, सुरेश बिंद, राम शुक्ला, वाहिद अंसारी, बसंतू राम मौजूद थे। अध्यक्षता रामराज बिंद तथा संचालन अमेरिका सिंह यादव ने किया।

