हुजूर! बाजार में भी नहीं मिल रही पर्याप्त बिजली, दर्जनों बार होती है ट्रिपिंग

नंदगंज। स्थानीय बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों बिजली की आंखमिचौली अब काफी बढ़ गई है जिससे स्थानीय लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों में इस बात की भी चर्चा है कि जब नंदगंज के मुख्य बाजार में बिजली की स्थिति इतनी दयनीय है तो गांवों में क्या हालत होगी।
ग्रामीणां का कहना है कि नंदगंज स्थित विद्युत उपकेंद्र की लापरवाही दिनों दिन बढ़ती जा रही है। अब तक सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या बनी रहती थी लेकिन बीते सप्ताह से बाजार भी इस समस्या की जद में आ गया है। इन दिनों बिजली आपूर्ति का आलम यह है कि कई घंटों तक यहाँ बिजली गुल रहना अब आम बात हो गई है। दिन भर में 20 से 25 बार बिजली की ट्रिपिंग सामान्य सी बात हो गई है। इतना ही नहीं लो वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है। यह समस्या रोजाना शाम होते ही शुरु हो जाती है और देररात तक बनी रहती है। पीक ऑवर में या तो आपूर्ति नहीं होती और होती भी है तो कई बार तो बल्ब के सिर्फ नाइक्रोम जलते रहते हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि विद्युत विभाग के कर्मचारी बिजली देने के स्थान पर राजस्व वसूली में ज्यादा रूचि ले रहे हैं तो आपूर्ति कहां से होगी।

