मुहर्रम : जारी है मजलिस ओ मातम, सीनाजनी करते पहुंचे कर्बला

बहरियाबाद। स्थानीय कस्बा सहित दरगाह, मलिकनगाँव, पलिवार, देईपुर, झोटना आदि मुस्लिम बहुल गांवो में दिन-रात मजलिस-ओ-मातम का सिलसिला जारी है।
जिसमें आलिम, जाकिर किरदारे हजरत अली और किरदारे, इमाम आली मकाम, किरदारे जनाबे जैनब के साथ ही मसायबे शोहदाए कर्बला बयान कर रहे हैं। कस्बा के दक्षिण मुहल्ला स्थित वजीहुल हसन के आवास पर बुधवार को मजलिस को खेताब फरमाते हुए मौलाना हैदर मेंहदी ने कहा कि हम इमाम के किरदार को आइनादार बना लें तो जिन्दगी की तमाम दुश्वारियां खुद-ब-खुद हम से दूर हो जाएं। जिक्रे मसायबे कर्बला के बाद नौहाख्वानी की गई। अंत में तबर्रूख बांटा गया। कस्बा के उत्तर मुहल्ला स्थित शमीमुलवरा के आवास से बुधवार को अलम का जुलूस निकाला गया। जुलूस निर्धारित रास्तों से होते हुए देर रात दक्षिण मुहल्ला स्थित अखाड़े में पहुंचा, जहां युवकों ने ढाल-तलवार, पटा, बल्लम, बना, बनेठी, लाठी, लाठी आदि के साथ युद्ध कला का प्रदर्शन किया। जुलूस के दौरान अकीदतमंद नौहाख्वानी, मातम तथा सीनाजनी करते हुए चल रहे थे। नारा-ए-हैदरी या अली, या हुसैन या अब्बास के नारे लगाए जा रहे थे।

