सुहवल : हाईवे पर नीलगाय से टकराकर बाइक सवार की हालत गंभीर, कोमा में जाने से वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर

सुहवल। थानाक्षेत्र के महादेवा पेट्रोल पंप के पास सोमवार की देर शाम नीलगाय से टकराकर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर जुटे राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पकड़ी गांव निवासी मंतोष राम (35) पुत्र मोहन राम अपनी साली को युवराजपुर छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान महादेवा पेट्रोल पंप के पास अचानक सड़क पर आई नीलगाय से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही घायल के परिजनों से बातचीत की और बेहतर उपचार के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया था, जहां से चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और वह फिलहाल कोमा में है। ट्रामा सेंटर के चिकित्सकों ने अगले 24 घंटे को काफी महत्वपूर्ण बताया है।

