दुल्लहपुर : बाइक सवार महिला ठग ने झांसा देकर उतरवाए गहने, नकली आभूषण का डिब्बा थमाकर हुई फरार

दुल्लहपुर। क्षेत्र के सिखड़ी-अमारी मुख्य मार्ग पर चुरामनपुर मोड़ के पास ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार महिला ने घर जा रही एक महिला को विश्वास में लेकर उसके हजारों रुपये के गहने उतरवा लिए और बदले में नकली आभूषणों का डिब्बा थमाकर फरार हो गई। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित महिला की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। चुरामनपुर गांव निवासी लक्ष्मी दुल्लहपुर बाजार से टोटो में सवार होकर गांव लौट रही थीं। चुरामनपुर मोड़ पर उतरने के बाद वह पैदल घर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर एक व्यक्ति के साथ आई महिला ने उन्हें विश्वास में लिया और बाइक से घर छोड़ने की बात कहकर बैठा लिया। आरोप है कि गांव से कुछ दूर पहले बाइक रोककर महिला ने लक्ष्मी से कहा कि उसे पास के गांव में अपनी रिश्तेदारी में जाना है। इसके बाद उसने चमचमाते आभूषणों से भरा एक बंद डिब्बा लक्ष्मी को देते हुए उनके असली गहने लेकर जल्दी लौट आने का भरोसा दिलाया। बताया जा रहा है कि लक्ष्मी जब अपने गहने उतार रही थीं, उसी दौरान आरोपित महिला ने डिब्बे में रखे आभूषण पहले ही निकालकर उसे खाली कर दिया था। बाद में लक्ष्मी को न तो अपने असली गहने मिले और न ही डिब्बे में रखे नकली आभूषण। खुद को ठगी का शिकार समझकर वह शोर मचाने लगीं। थाना प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपित महिला की काफी तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं लगी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।

