मरदह : मांगलिक कार्य से लौट रहे दो युवकों को रोककर पीटा, जान से मारने की धमकी का आरोप





मरदह। थानाक्षेत्र में निमंत्रण से घर लौट रहे दो युवकों को रास्ते में रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित दीपक कुमार निवासी बरहीं ने थाने में तहरीर देकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दीपक ने बताया कि वो अपने मित्र मुकेश कुमार निवासी हृदयपुर के साथ निमंत्रण से घर लौट रहा था। सोमवार सुबह करीब 11ः20 बजे हरहरी स्थित पंचायत भवन के पास तीन दोपहिया वाहनों से पहुंचे विवेक राजभर निवासी बरही और आठ अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद सभी ने गाली-गलौज करते हुए डंडे, पंच, रॉड और लात-घूंसों से दोनों की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे मुकेश को भी आरोपितों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने बताया कि मारपीट में दोनों युवकों के पैर, बांह सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और इसके बाद मौके से चले गए। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< दिलदारनगर : लापता हुए किशोर की तलाश में जुटे परिजन व पुलिस, नहीं लगा सुराग
दुल्लहपुर : बाइक सवार महिला ठग ने झांसा देकर उतरवाए गहने, नकली आभूषण का डिब्बा थमाकर हुई फरार >>