सैदपुर : ठंड में खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे रात बिताने को मजबूर वृद्धा सास समेत विधवा बहू व नाबालिग बेटियां, टीनशेड के बाहर गुजरी रात





सैदपुर। नगर के वार्ड 13 गंगानगर में जमीन विवाद के बीच प्रशासनिक कार्रवाई के बाद बेघर हुआ परिवार दूसरे दिन भी खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर रहा। शुक्रवार को राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मकान खाली कराकर ताला लगाए जाने के बाद विधवा मीरा यादव अपनी वृद्ध सास और चार बच्चों के साथ पूरी रात टीनशेड के बाहर पेड़ के नीचे गुजारने को मजबूर हुईं। सर्द रात में परिवार ने किसी तरह कंबल ओढ़कर रात बिताई। शनिवार को भी परिवार पूरे दिन उसी तरह खुले आसमान के नीचे बैठा रहा। विधवा मीरा देवी ने बताया कि वो बीआरसी के बगल स्थित इस टीनशेड में अपनी 70 वर्षीय सास विमला देवी व चार बच्चों प्रिया (16), काजल (14), रानी (12) तथा रितेश (10) के साथ रहती थीं। शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मकान खाली कराकर उसमें ताला लगा दिया था। इसके बाद से ही परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। परिवार का कहना है कि ठंड के मौसम में बेटियों और बुजुर्ग महिला के साथ खुले आसमान के नीचे रात गुजारना बेहद मुश्किल हो रहा है। हालांकि रात में सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, लेकिन परिवार को रात बिताने के लिए कोई छत नसीब नहीं हुई। गौरतलब है कि जमीन पर मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है। देवनारायण यादव का दावा है कि उन्होंने 13 नवंबर 2020 को संबंधित जमीन की रजिस्ट्री कराई थी और दाखिल-खारिज भी हो चुका है। वहीं, उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया के अनुसार संबंधित भूमि के मामले में दीवानी न्यायालय का स्थगन आदेश प्रभावी है और आगे की विधिक कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुरूप की जाएगी। मकान में ताला लगने के बाद लगातार दूसरे दिन भी परिवार के खुले आसमान के नीचे रहने की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में अब सबकी निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि बुजुर्ग महिला, विधवा और बच्चों के लिए मानवीय आधार पर रहने की क्या व्यवस्था की जाती है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : 50 लाख से अधिक की परियोजनाओं में देरी पर सख्त दिखे डीएम, बिना अनुमति सड़क खोदने पर लगाई रोक
सैदपुर : देवचंदपुर बी-पैक्स पर धान बेचने को 15 दिनों से चक्कर लगा रहे किसान, बारिश के कारण खुले में रखी उपज के सड़ने का सताने लगा डर >>