गाजीपुर : 50 लाख से अधिक की परियोजनाओं में देरी पर सख्त दिखे डीएम, बिना अनुमति सड़क खोदने पर लगाई रोक





गाजीपुर। जिले में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। इस दौरान स्व-गणना अभियान को लेकर जनजागरूकता और प्रचार-प्रसार की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि उनकी अनुमति के बिना जिले में कहीं भी सड़क की खुदाई नहीं की जाएगी। यदि किसी अपरिहार्य परिस्थिति में सड़क खोदने की आवश्यकता पड़ती है तो नियमानुसार पहले अनुमति लेनी होगी। इसके साथ ही कार्य पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत भी अनिवार्य रूप से कराई जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। बैठक में स्व-गणना की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी चार्ज अधिकारियों को नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए कार्ययोजना बनाकर व्यापक स्तर पर लोगों को जागरूक किया जाए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक स्वयं अपनी गणना की प्रक्रिया पूरी कर एसई आईडी जेनेरेट कर सकें। उन्होंने बताया कि स्व-गणना करने वाले नागरिकों को एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 के बीच घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को अपनी एसई आईडी उपलब्ध करानी होगी। इसके लिए अभी से प्रचार-प्रसार कर लोगों को प्रक्रिया की जानकारी दी जाए, ताकि अभियान में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, एडीएम वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस की सख्त पैरवी का दिखा असर, मारपीट मामले में चार दोषियों को मिली सजा
सैदपुर : ठंड में खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे रात बिताने को मजबूर वृद्धा सास समेत विधवा बहू व नाबालिग बेटियां, टीनशेड के बाहर गुजरी रात >>