सैदपुर : देवचंदपुर बी-पैक्स पर धान बेचने को 15 दिनों से चक्कर लगा रहे किसान, बारिश के कारण खुले में रखी उपज के सड़ने का सताने लगा डर

सैदपुर। साधन सहकारी समिति (बी-पैक्स) देवचंदपुर में धान की बिक्री के लिए किसान पिछले 15 दिनों से चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी उपज की खरीद नहीं हो पा रही है। समिति पर धान खरीद ठप होने से किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। मौसम की मार झेलकर किसी तरह धान की कटाई और सुखाने के बाद किसान अब सरकारी क्रय केंद्र पर बिक्री के इंतजार में हैं। वहीं, खराब मौसम के चलते खुले में रखी उपज के दोबारा भीगने और सड़ने की आशंका भी उन्हें सता रही है। इस बीच शनिवार को हुई हल्की बारिश ने उनके माथे पर चिंता की गहरी लकीरें खींच दी है। शनिवार को केंद्र पर पहुंचे किसानों का आरोप है कि समिति पर कर्मचारी नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहते हैं, जिससे उन्हें अपनी समस्या बताने और धान बेचने के लिए बार-बार चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस संबंध में समिति के सचिव अजीत यादव का कहना है कि पहले बोरे उपलब्ध नहीं थे। अब बोरा आ गया है लेकिन हैंडलिंग ठेकेदार की ओर से पल्लेदारों की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण धान की खरीद नहीं हो पा रही है। केंद्र पर पहुंचे किसान राजीव सिंह ने कहा कि पहले ही मौसम की मार के कारण धान की फसल प्रभावित हुई है। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने अपनी उपज को सुखाया है। अब यदि बारिश या नमी के कारण धान दोबारा भीग गया तो उसके खराब होने की आशंका है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। बताया कि आज तो हल्की बारिश हुई भी है। किसानों ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से भी संपर्क किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो सकी है। उन्हें केवल आश्वासन मिल रहा है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द बोरे और पल्लेदारों की व्यवस्था कराकर धान खरीद शुरू कराने की मांग की है। परेशान किसानों में राजीव सिंह, कामिनी सिंह, महानंद सिंह, फूलमती पांडेय, शैलेंद्र सिंह आदि ने खरीद शुरू करने की मांग की है।

