गाजीपुर : बिहार में हुआ भीषण सड़क हादसा, बरात में शामिल होने जा रहे गाजीपुर के पांच युवकों समेत सात की मौत, मचा कोहराम

गाजीपुर। बिहार के बक्सर में हुए भीषण सड़क हादसे में गाजीपुर जिले के पांच युवकों समेत सात लोगों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। जिन घरों से युवक बारात में शामिल होने के लिए निकले थे, वहां खुशियों की जगह मातम छा गया। गाजीपुर के पांच युवक कार से बिहार में एक बरात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बक्सर में एनएच-319ए पर उनकी कार की बाइक सवार तीन युवकों से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार अनियंत्रित होकर हवा में उछलते हुए कई बार पलटी और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवारों और बाइक सवारों समेत कुल सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में गाजीपुर के भदौरा गांव निवासी बादल कुमार (30), इरफान अंसारी (25), अरबाज अली (20), दिव्यांशु ठाकुर (22) और उतरौली गांव निवासी अरुण कुमार (22) शामिल हैं। अन्य दो मृतक बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अरुण कुमार अपने मामा के घर आए हुए थे। एक ही हादसे में पांच युवकों की मौत से गाजीपुर के संबंधित गांवों में शोक का माहौल है। हादसे ने कई परिवारों को गहरा सदमा दिया है।

