गाजीपुर : कर्मचारियों ने पांच सूत्रीय मांगों के साथ कलक्ट्रेट में किया धरना, मुख्यमंत्री को भेजा मांगपत्र, अगले माह कमिश्नर ऑफिस पर करेंगे आंदोलन





गाजीपुर। राज्य कर्मचारियों की लंबित मांगों के समर्थन में शुक्रवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की जिला शाखा की ओर से जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा के माध्यम से मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को संबोधित पांच सूत्रीय मांगपत्र जिलाधिकारी के माध्यम से पुनः शासन को भेजा गया। परिषद की ओर से भेजे गए ज्ञापन में शासन को पूर्व में प्रेषित नोटिस और अनुस्मारक पत्र का हवाला देते हुए कर्मचारियों की पांच सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की गई। ज्ञापन के अनुसार, परिषद ने शासन से 19 नवंबर 2026 तक आपसी सद्भाव और सकारात्मक माहौल में वार्ता कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया था। साथ ही निर्धारित समयावधि में वार्ता और अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में प्रस्तावित आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा से भी शासन को अवगत कराया गया था। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन आयोजित कर कर्मचारियों की मांगों को फिर से प्रमुखता से उठाया गया। सभा के बाद मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को संबोधित मांगपत्र जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया। परिषद ने जिलाधिकारी से मांगपत्र पर अपनी संस्तुति सहित इसे शासन को तत्काल अग्रसारित करने का अनुरोध किया, ताकि कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का सकारात्मक समाधान हो सके और आंदोलन की स्थिति उत्पन्न न हो। कहा कि यदि शासन स्तर पर समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संयुक्त परिषद द्वारा घोषित आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की अगली कड़ी में 16 दिसंबर को मंडलायुक्त कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है। परिषद ने उम्मीद जताई है कि शासन स्तर पर समय रहते सकारात्मक निर्णय होने से आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को टाला जा सकता है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : बिहार में हुआ भीषण सड़क हादसा, बरात में शामिल होने जा रहे गाजीपुर के पांच युवकों समेत सात की मौत, मचा कोहराम
गाजीपुर : अंधेरी रात में सड़कों से गुजरने वाले राहगीरों को पिस्टल की नोक पर लूटने वाले बदमाश गिरफ्तार, तीन पिस्टल और एक तमंचा बरामद >>