वाराणसी : बनारस कोचिंग डिपो में रेलवे और एनडीआरएफ ने किया संयुक्त मॉकड्रिल, ट्रेन के पांचवें कोच के डिरेल होने का बनाया गया कृत्रिम परिदृश्य





वाराणसी। रेल दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को बनारस कोचिंग डिपो यार्ड में पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल और एनडीआरएफ की 11वीं बटालियन ने संयुक्त रूप से फुल स्केल मॉकड्रिल किया। इसमें रेल दुर्घटना का कृत्रिम परिदृश्य तैयार कर विभिन्न विभागों की तत्परता, समन्वय और आपातकालीन व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। मॉकड्रिल के दौरान मंडलीय नियंत्रण कक्ष से सुबह 11ः19 बजे सूचना दी गई कि डाउन एमबीडी स्पेशल ट्रेन संख्या 00315 का पांचवां कोच संख्या 023426 बनारस यार्ड की लाइन संख्या 24 पर पटरी से उतर गया है। इसमें पांच यात्रियों के घायल होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत यान (एआरटी) और चिकित्सा राहत यान (एआरएमई) को मौके के लिए रवाना किया गया। रेलवे अधिकारियों, चिकित्सकों, आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अभ्यास के दौरान अस्थायी नियंत्रण केंद्र स्थापित करने, आपातकालीन खिड़कियां खोलने, कटर और वेल्डिंग मशीन की मदद से कोच में फंसे यात्रियों को निकालने तथा घायलों को प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास किया गया। इसके साथ ही दुर्घटना स्थल पर ट्रैक क्लियरेंस, कोच रेस्टोरेशन और रेल परिचालन सामान्य करने की प्रक्रिया भी पूरी की गई। स्काउट एंड गाइड के स्वयंसेवकों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। मॉकड्रिल के समापन और समीक्षा के बाद अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि रेलवे और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने समुचित समन्वय के साथ राहत, बचाव और रेस्टोरेशन कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। इस तरह के अभ्यास से वास्तविक दुर्घटना के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलती है। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पांडेय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय, जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : गोपाष्टमी पर गोरखनाथ गौशाला में विधि-विधान से हुआ गोमाता का पूजन, लौजारी बाबा ने की विश्व कल्याण की कामना
गाजीपुर : बिहार में हुआ भीषण सड़क हादसा, बरात में शामिल होने जा रहे गाजीपुर के पांच युवकों समेत सात की मौत, मचा कोहराम >>