सैदपुर : दो साल से पत्थर के बोल्डरों में फंसी 50 लाख की फ्लोटिंग जेटी आग में जलकर खाक, पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन

सैदपुर। नगर के वार्ड संख्या चार स्थित कोट घाट पर गुरुवार की देर शाम भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण द्वारा लगाई गई करीब 50 लाख रुपये कीमत की फ्लोटिंग जेटी आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गई। करीब दो वर्षों से नदी किनारे लगे बोल्डरों पर फंसी इस जेटी में अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर नगर पंचायत और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक जेटी का बड़ा हिस्सा जल चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि जेटी में आग अराजक तत्वों द्वारा लगाई गई होगी। गौरतलब है कि 13 जनवरी 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से लग्जरी रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसी दिन सैदपुर के बूढ़ेनाथ महादेव गंगा घाट पर भी करीब 50 लाख रुपये की लागत से तैयार फ्लोटिंग जेटी का भव्य कार्यक्रम के बीच उद्घाटन किया गया था। इस परियोजना का उद्देश्य लग्जरी क्रूज के यात्रियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जलमार्ग से सीधे सड़क मार्ग तक पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध कराना था। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में नौकायन के जरिए रोजगार के नए अवसर विकसित करना भी इसके प्रमुख उद्देश्यों में शामिल था। बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर स्थापना के बाद करीब एक वर्ष तक जेटी का संचालन ठीक से हुआ, लेकिन इसके बाद रखरखाव के अभाव और बाढ़ की स्थिति में यह अपनी निर्धारित जगह से खिसककर नदी की धारा के साथ आगे बढ़ गई और कोट घाट पर जाकर पत्थर के बड़े बोल्डरों में फंस गई। तब से करीब दो वर्षों तक यह नदी के किनारे अनुपयोगी हालत में पड़ी रही। इस दौरान दो-तीन बार इसे दोबारा पानी में लाकर संचालित करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार गुरुवार की देर शाम जेटी आग की भेंट चढ़ गई। करीब 50 लाख रुपये की लागत से तैयार इस महत्वपूर्ण परियोजना का इस तरह नष्ट हो जाना न केवल सरकारी धन की बर्बादी का मामला है, बल्कि रखरखाव और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में आग लगने के कारणों का क्या खुलासा होता है और इस सरकारी संपत्ति के रखरखाव में हुई लापरवाही की जिम्मेदारी किसकी तय होती है। क्योंकि घाट के किनारे आबादी न होने व आसपास का एरिया एकदम सुनसान होने के चलते वहां पर अराजक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिसमें जुआ खेलने वाले व नशा करने वाले नशेड़ी शामिल हैं। इस बाबत सम्बंधित विभाग के सिविल इंजीनियरिंग उत्कर्ष पांडेय ने बताया कि हमने जेटी के उद्घाटन के बाद ही उसे राज्य सरकार को हैंडओवर कर दिया था, अब रखरखाव उनकी ही जिम्मेदारी है। वहीं कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में है लेकिन किसी के द्वारा अब तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

