सैदपुर : विवाद के बीच राजस्व-पुलिस टीम ने महिलाओं व सामान को बाहर निकाल खाली कराया घर, खुले आसमान के नीचे बैठी विधवा व वृद्धा ने लगाई न्याय की गुहार





सैदपुर। नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 गंगानगर में जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक टीनशेड वाले आवास को खाली कराकर उसमें ताला लगा दिया। इसमें मौजूद 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला, उनकी विधवा बहू व बच्ची को बाहर कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। मामला बीआरसी के बगल स्थित मकान का है। देवचंदपुर पैकवली निवासी देवनारायण यादव ने दस्तावेज दिखाते हुए बताया कि उन्होंने 13 नवंबर 2020 को जमीन रजिस्ट्री कराई थी। उनका दावा है कि जमीन का दाखिल खारिज भी हो चुका है और वह पिछले तीन वर्षों से मकान का गृहकर नगर पंचायत में जमा कर रहे हैं। उनकी विधवा पुत्रवधू मीरा यादव ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर में राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घर के अंदर मौजूद मुझे व मेरे परिवार को न सिर्फ बाहर कर दिया, बल्कि अंदर रखे बिस्तर आदि सामान को बाहर कर उस पर ताला लगा दिया। विधवा मीरा यादव ने दावा किया कि उस समय घर में मेरे बच्चे व वृद्धा सास थीं। कार्यवाही के समय देवनारायण यादव घर पर नहीं थे। मीरा यादव का आरोप है कि प्रशासनिक टीम को हम अपने रजिस्ट्री के कागज आदि दिखा रहे थे लेकिन किसी ने भी कागज नहीं देखा। बताया कि अचानक हुई इस कार्रवाई से परिवार के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। देवनारायण यादव ने इस मामले में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की जांच कराने और उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जमीन से जुड़े दस्तावेजों और उनके पक्ष को समुचित रूप से देखे बिना कार्रवाई की गई। वहीं, उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने बताया कि संबंधित भूमि के मामले में दाखिल-खारिज हुआ होगा, लेकिन दीवानी न्यायालय से स्थगन आदेश प्रभावी है। यह स्टे पूरे गाटा संख्या 437 पर लागू है, न कि केवल किसी एक हिस्से पर। इसमें डायट समेत पांच अन्य पक्षकार भी शामिल हैं। मामला काफी पुराना है और पूर्व में इसमें हस्तक्षेप नहीं किया जा रहा था। एसडीएम ने कहा कि वादी ने स्वयं पक्षकार होने के बावजूद स्थगन आदेश के विरुद्ध जाकर मकान का ताला तोड़कर महिलाओं को उसमें बिठाने जैसा कार्य किया था। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्ष को न्यायालय के माध्यम से ही अपना पक्ष रखते हुए कब्जा या राहत प्राप्त करनी चाहिए। कहा कि न्यायालय के आदेश के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा दूसरे पक्ष ने भी ये दावा किया है कि उक्त घर पर हमारे परिवार का वर्षों से कब्जा था। साथ ही उक्त घर पर स्टे ऑर्डर होने का भी दावा किया है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बहरियाबाद : अंबेडकरनगर पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुए कुख्यात वाहिद का शव पैतृक गांव पहुंचा, पुलिस सुरक्षा में हुआ सुपुर्द-ए-खाक
सैदपुर : दो साल से पत्थर के बोल्डरों में फंसी 50 लाख की फ्लोटिंग जेटी आग में जलकर खाक, पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन >>