सैदपुर : तेज रफ्तार ट्रेलर ने सवारियों से भरी ऑटो को मारी टक्कर, दो गंभीर घायल, ट्रेलर चालक फरार

सैदपुर। औड़िहार स्थित गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने सवारियों से भरे टेम्पो में टक्कर मार दी। हादसे में टेम्पो सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति और एक युवती को आंशिक चोटें आईं। टक्कर मारने के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। इधर टेम्पो के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए थे। करमपुर के गोठौली निवासी रविशंकर सिंह ने बताया कि वो अपनी पुत्री खुशी सिंह और दूसरी बेटी के साथ जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सैदपुर तहसील आ रहे थे। इसी दौरान औड़िहार के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रविशंकर सिंह की पुत्री खुशी सिंह और ऑटो सवार अली पुत्र नसीम निवासी गोपालपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं रविशंकर सिंह और उनकी दूसरी पुत्री को भी आंशिक चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया।

