अनौनी : सिधौना में बंदरों का नहीं कम हो रहा उत्पात, सब्जियों की फसलों को पहुंचा रहे नुकसान तो घरों का कर रहे बुरा हाल

अनौनी। क्षेत्र के सिधौना गांव में बंदरों का आतंक बढ़ने से किसान और ग्रामीण परेशान हैं। शीतला माता मंदिर के आसपास रहने वाले बंदरों के झुंड खेतों में पहुंचकर आलू, लहसुन, मूली, गाजर सहित अन्य सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, बंदर खेतों में लगी फसलों को उखाड़ने और खाने के साथ ही उन्हें बर्बाद कर रहे हैं। उन्हें भगाने की कोशिश करने पर बंदर आक्रामक हो जाते हैं और लोगों को काटने के लिए दौड़ाते हैं। इससे ग्रामीणों में भय बना हुआ है। बंदर घरों की छतों पर रखी पानी की टंकियों, डिश एंटीना और सोलर प्लेट को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा सूखने के लिए रखे अनाज और कपड़ों को भी इधर-उधर कर देते हैं। किसानों का कहना है कि खेती में पहले से ही काफी लागत लगती है। ऐसे में फसलों को नुकसान पहुंचने से आर्थिक परेशानी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से बंदरों के उत्पात पर अंकुश लगाने तथा समस्या से निजात दिलाने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।

