मऊ : 38 पेंशनरों का बना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र, घर बैठे सुविधा लेने का दिया गया प्रशिक्षण

मऊ। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान-5.0 के तहत गुरुवार को मऊ में पेंशनरों के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें 38 पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (डीएलसी) तैयार कर जारी किए गए। शिविर का उद्देश्य पेंशनरों को डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया से परिचित कराना और उन्हें इस सुविधा का लाभ घर बैठे उपलब्ध कराना रहा। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के लेखा विभाग ने शिविर का आयोजन किया। इस दौरान पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया, आवश्यक तकनीकी जानकारी और प्रमाण-पत्र बनवाने में आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान के बारे में विस्तार से बताया गया। पेंशनरों की सुविधा के लिए डीएलसी बनाने की प्रक्रिया से संबंधित सूचना-पत्रक भी व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध कराया गया, ताकि वे भविष्य में स्वयं घर बैठे इस सुविधा का लाभ उठा सकें। रेलवे प्रशासन की इस पहल से पेंशनरों को पेंशन संबंधी औपचारिकताओं में सहूलियत मिलने के साथ डिजिटल सेवाओं के प्रति उनकी जागरूकता भी बढ़ेगी।

