अनौनी : पांच वर्षों से नशे के खिलाफ अलख जगा रहे अनिमेष, 10 हजार से अधिक लोगों को दिला चुके हैं शपथ

अनौनी। नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ सिधौना निवासी युवा समाजसेवी अनिमेष कुमार मिश्र पिछले पांच वर्षों से अधिक समय से जिले के गांवों और विद्यालयों में जागरूकता अभियान चला रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद रैली, गोष्ठी, जनसंवाद और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से वह लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उनके अनुसार, अब तक दस हजार से अधिक लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई जा चुकी है। वहीं, नशे की लत से जूझ रहे कई लोगों को परामर्श और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया गया है। अभियान के तहत लोगों को बताया जाता है कि नशे का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार की खुशियां, आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता है। युवाओं पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रोजगार, कौशल विकास और नवाचार के क्षेत्र में लगाने के लिए प्रेरित किया जाता है। अनिमेष का कहना है कि जिज्ञासा, तनाव और साथियों के दबाव में शुरू हुआ नशा धीरे-धीरे आदत बन सकता है, जो आगे चलकर पढ़ाई और भविष्य को प्रभावित करता है। अभियान की एक विशेष पहल के तहत जितिया पर्व पर माताओं से पुत्रों को, रक्षाबंधन और भाई दूज पर बहनों से भाइयों को तथा तीज और करवा चौथ पर पत्नियों से पतियों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया जाता है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी वह जागरूकता संदेश और प्रेरक वीडियो साझा करते हैं। नशामुक्ति के साथ अनिमेष जल एवं पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती, मतदाता जागरूकता, नदी स्वच्छता और युवा व महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उनके सामाजिक प्रयासों की सराहना राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, प्रदेश के राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र सहित जिपं प्रशासक सपना सिंह, विधायक अंकित भारती, आईएएस रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड आदि लोगों ने की है।

