अनौनी : सर्दियों ने दे ही दी दस्तक, 3 दिनों में 3 डिग्री पारा गिरने से खानपुर में 14.8 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान, सुबह-शाम बढ़ी ठिठुरन

अनौनी। नवंबर के तीसरे सप्ताह में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बीते तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट से सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 16 नवंबर को न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस था, जो 17 नवंबर को घटकर 16 डिग्री और 18 नवंबर को 13.1 डिग्री पर पहुंच गया। गुरुवार को खानपुर में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री और अधिकतम 27.8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तापमान में मामूली बढ़ोतरी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। सुबह घरों से निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने लगे हैं। दोपहर में धूप निकलने से राहत मिल रही है, लेकिन शाम ढलते ही ठंडक बढ़ जाती है। मौसम के बदलते रुख से आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

