जखनियां : सत्कर्म और भक्ति से मिलता है जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति का मार्ग, 7 दिवसीय गरूण पुराण का हो रहा प्रवचन

जखनियां। क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में आयोजित सात दिवसीय गरुड़ पुराण प्रवचन में श्रद्धालु कथा का श्रवण कर रहे हैं। कथा के दौरान पं. सर्वानंद चौबे ने कहा कि मानव जीवन बड़े सौभाग्य से प्राप्त होता है। इसका उद्देश्य केवल सांसारिक सुख-सुविधाएं जुटाना नहीं, बल्कि सत्कर्म, भक्ति और ईश्वर की आराधना के माध्यम से जीवन को सार्थक बनाना है। कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में किए गए कर्मों का फल अवश्य भोगना पड़ता है। अच्छे कर्म व्यक्ति को सद्गति की ओर ले जाते हैं, जबकि बुरे कर्म कष्ट का कारण बनते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सत्य, दया, परोपकार और धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। मृत्यु जीवन का अटल सत्य है, लेकिन सत्कर्म, प्रभु के स्मरण और भक्ति के माध्यम से मनुष्य जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति का मार्ग प्राप्त कर सकता है। कहा कि सांसारिक मोह-माया में उलझकर मनुष्य अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य को भूलता जा रहा है। जरूरतमंदों की सेवा, भगवान का स्मरण और धार्मिक कार्यों में सहभागिता को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। कथा के उपदेशों को जीवन में उतारना ही सच्ची भक्ति है। इस मौके पर राजनारायण यादव, अजीत यादव, रमेश चंद्र पांडेय, पप्पू कुशवाहा आदि रहे।

