जखनियां : अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब





जखनियां। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर रविवार को जखनियां कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। स्थानीय बाजार स्थित अमृत सरोवर और तालाब के किनारे बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। व्रती महिलाएं जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव के अर्घ्य देने के समय का इंतजार करती रहीं। सूर्यास्त के समय विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा सरोवर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु फलों और पूजन सामग्री से सजे दउरा लेकर घाटों पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उपजिलाधिकारी अतुल कुमार पुलिस बल के साथ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं को पानी की गहराई में न जाने और अभिभावकों को बच्चों को अकेले पानी के पास नहीं जाने देने की सलाह दी। कस्बे के अलावा भुड़कुड़ा, बुढ़ानपुर और रामपुर बलभद्र में भी छठ पूजा को लेकर बाजारों में रौनक रही। सुबह से ही फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। केला, नारियल, सेब और संतरा सहित विभिन्न फलों की खूब बिक्री हुई। शाम को अर्घ्य का समय बीतने और अधिकांश फलों की बिक्री हो जाने के बाद बाजारों में सन्नाटा छा गया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : सत्कर्म और भक्ति से मिलता है जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति का मार्ग, 7 दिवसीय गरूण पुराण का हो रहा प्रवचन
गाजीपुर : बूथ स्तर तक मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, चित्र पर अर्पित की पुष्पांजलि >>