जखनियां : सिर्फ गिट्टी व मिट्टी डालकर छोड़ दी गई अधूरी सड़क से उड़ रहे धूल के गुबार, ग्रामीणों का बुरा हाल





जखनियां। भुड़कुड़ा से फद्दूपुर जाने वाले मार्ग पर परसपुर बुढ़ानपुर गांव के पास करीब एक किलोमीटर तक गिट्टी और मिट्टी डालकर सड़क निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से राहगीरों और ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिनभर वाहनों के आवागमन से सड़क पर धूल के गुबार उड़ रहे हैं। इससे राहगीरों, दुकानदारों और सड़क किनारे रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। तेज रफ्तार वाहनों के गुजरने पर धूल का गुबार उठने से दोपहिया वाहन चालकों को सामने का रास्ता देखने में दिक्कत होती है। पैदल चलने वाले लोग मुंह और नाक ढककर आवागमन करने को मजबूर हैं। उड़ती धूल से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को हो रही है। सड़क किनारे बने घरों, दुकानों और निजी विद्यालयों में धूल की मोटी परत जम रही है। दुकानदारों को बार-बार सामान साफ करना पड़ रहा है, वहीं खाने-पीने की दुकानों पर खाद्य सामग्री भी धूल से प्रभावित हो रही है। गांव के सुशील सिंह, मदन कुमार, परशुराम राम सहित दर्जनों ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर गिट्टी और मिट्टी डालने के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया है। सड़क की पिचिंग नहीं होने से लोगों को आवागमन के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : डीएपी की किल्लत से प्रभावित हो रही गेहूं की बुआई, साधन सहकारी समितियों के चक्कर लगा रहे किसान, ढीली हो रही जेब
जखनियां : सत्कर्म और भक्ति से मिलता है जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति का मार्ग, 7 दिवसीय गरूण पुराण का हो रहा प्रवचन >>