देवकली : डाला छठ को लेकर सजे बाजार, फल और पूजन सामग्री की खरीदारी तेज, गंगा और गांगी नदी के घाटों सहित तालाबों पर बनीं वेदियां

देवकली। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार से ही बाजारों में फल और पूजन सामग्री की दुकानें आकर्षक ढंग से सज गई हैं। छठ पूजा की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी है। बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से त्योहार का उत्साह दिखाई देने लगा है। रविवार को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करेंगी। छठ पर्व को लेकर देवकली, नंदगंज, भितरी और आसपास के बाजारों में फल, नारियल, गन्ना, सूप, दउरा तथा अन्य पूजन सामग्री की दुकानें सजाई गई हैं। शुक्रवार से ही दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाकर ग्राहकों के लिए सामग्री उपलब्ध करानी शुरू कर दी है। फल खरीदने के लिए महिलाओं की भीड़ बाजारों में पहुंच रही है। इसके अलावा नए कपड़ों और अन्य जरूरी सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की संख्या बढ़ गई है। उधर, छठ पूजा को लेकर गंगा और गांगी नदी के तटवर्ती इलाकों में घाटों पर तैयारियां की गई हैं। चकेरी धाम, देवचंदपुर, फुलवारी, रामपुर मांझा, नारीपंचदेवरा, दुबैथा, धरवां, मीरपुर तिरवाह सहित विभिन्न गंगा घाटों पर व्रती महिलाओं के पूजन के लिए वेदियां बनाई गई हैं। इसी प्रकार गांगी नदी के किनारे देवकली, भितरी, सोन्हुली, महमूदपुर हथिनी, पहाड़पुर, नैसारा, गरथौली, बासूचक, बासूपुर, आगापुर, तलीशा, तरांव, खोजनपुर सहित कई गांवों में भी छठ पूजा की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इसके अलावा देवकली पंप नहर की शाखाओं और विभिन्न गांवों के तालाबों में भी छठ पूजन के लिए वेदियां बनाई गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही छठ पूजा की परंपरा के चलते छोटे-बड़े सभी जलाशयों और घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार जायजा ले रहे हैं। रामपुर मांझा, नंदगंज, भितरी, बासूपुर, देवचंदपुर और पचरासी पुलिस चौकी के प्रभारी सहित अन्य अधिकारी घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है। छठ पर्व को लेकर बाजारों से लेकर घाटों तक उत्साह का माहौल है। व्रती महिलाओं और उनके परिजनों में पर्व की तैयारियों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

