भीमापार : बाल मेले में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, खेलों के साथ सीखा कारोबार का गणित, खानपान के स्टॉल लगाकर की खरीद-बिक्री

भीमापार। बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कम्पोजिट विद्यालय जगदीशपुर में बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने खेलकूद, मनोरंजन और खानपान के विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। किसी ने लूडो और पासा खेलकर अपनी किस्मत आजमाई तो किसी ने सेम कलर बैलून और लकी गेम में भाग लेकर मेले का आनंद उठाया। पूरे परिसर में बच्चों की चहल-पहल और उत्साह का माहौल बना रहा। बाल मेले की खास बात यह रही कि इसमें बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ व्यवहारिक जीवन का ज्ञान भी दिया गया। बच्चों ने अपने हाथों से विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार किए और उनके स्टॉल लगाकर बिक्री की। विद्यालय परिसर में अलग-अलग खानपान की सामग्री के स्टॉल सजाए गए थे। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने स्टॉलों का संचालन किया और वहां पहुंचने वाले शिक्षकों, अभिभावकों तथा अन्य लोगों को सामान उपलब्ध कराया। शिक्षकों और अभिभावकों ने भी बच्चों के स्टॉलों पर खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान शिक्षकों ने मेले को शिक्षण गतिविधि से जोड़ते हुए बच्चों को खरीद-बिक्री और लाभ-हानि का व्यावहारिक ज्ञान दिया। बच्चों से पूछा गया कि व्यंजन और अन्य सामग्री तैयार करने में कितनी लागत आई, कितने रुपये की बिक्री हुई और खर्च निकालने के बाद कितना लाभ प्राप्त हुआ। बच्चों ने अपनी बिक्री और कमाई का हिसाब प्रस्तुत किया। शिक्षकों ने उन्हें लागत मूल्य, विक्रय मूल्य और मुनाफे के बीच अंतर समझाते हुए गणितीय गणना की जानकारी दी। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को किताबी ज्ञान का वास्तविक जीवन में उपयोग करना सिखाया गया। साथ ही उनमें नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग, संवाद कौशल और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रयास किया गया। स्टॉलों के संचालन के दौरान बच्चों ने ग्राहकों से बातचीत करने, सामान की कीमत बताने और रुपये का हिसाब रखने जैसे अनुभव भी प्राप्त किए। इससे उनमें उद्यमशीलता की भावना को प्रोत्साहन मिला। विद्यालय में आयोजित यह बाल मेला बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ सीखने और अपनी प्रतिभा दिखाने का यादगार अवसर बना। बच्चों ने खेलों में भाग लेने के साथ-साथ अपने कौशल और व्यवहारिक समझ का भी परिचय दिया। इस मौके पर अलविदा, अलीजा, सान्वी, अनीता यादव, सतिराम राम, सोनू खरवार, जैनब रहमान, पूजा मिश्रा, रुखसाना, ऋचा मद्धेशिया, पूनम यादव आदि रहे।

