बहरियाबाद : लालसा इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, वैज्ञानिक प्रयोगों ने मोहा मन, फैंसी ड्रेस व स्केटिंग का भी आयोजन





बहरियाबाद। क्षेत्र के रायपुर स्थित लालसा इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को बाल दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक, मनोरंजक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों तक ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी कला, कौशल तथा रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान नर्सरी से कक्षा एक तक के बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं स्केटिंग और डांस प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों और उनके आत्मविश्वास ने कार्यक्रम को खास बना दिया। कक्षा पांच से नौ तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के फूड स्टॉल लगाए। बच्चों ने अपने स्टॉलों के माध्यम से खानपान की सामग्री प्रस्तुत करते हुए खरीद-बिक्री और प्रबंधन की गतिविधियों में भाग लिया। इससे उन्हें रचनात्मकता के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला। वहीं कक्षा 10, 11 और 12 के विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान का प्रदर्शन किया। उनके द्वारा प्रस्तुत प्रयोगों ने विज्ञान के प्रति उनकी रुचि और समझ को प्रदर्शित किया। इस दौरान लालसा ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन व स्कूल के प्रबंधक अजय यादव ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए केवल किताबी शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि खेल, कला, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को भी समान रूप से प्रोत्साहित करना जरूरी है। विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को ऐसा बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए, जहां वे अपनी प्रतिभा को पहचान सकें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। प्रधानाचार्य सुनीता सिंह ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चा विशेष प्रतिभा और असीम संभावनाओं से भरा होता है। जरूरत इस बात की है कि उसे अपनी प्रतिभा निखारने के लिए सकारात्मक वातावरण और उचित अवसर मिले। विद्यालय परिवार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को ऐसा माहौल प्रदान किया जाए, जहां वे बिना किसी संकोच के अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ें। इस मौके पर शिक्षक विकास गुप्ता, अरविंद कुशवाहा, विमल, वंदना यादव, निधिका आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बहरियाबाद : राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में आदित्य यादव ने जीता स्वर्ण पदक, 3000 मीटर में अव्वल आकर रोशन किया गाजीपुर का नाम
गाजीपुर : पीजी कॉलेज की चार छात्राओं ने जिले का बढ़ाया मान, अखिल भारतीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन >>