गाजीपुर : पीजी कॉलेज की चार छात्राओं ने जिले का बढ़ाया मान, अखिल भारतीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन





गाजीपुर। पीजी कॉलेज गाजीपुर की चार प्रतिभाशाली छात्राओं ने महिला बास्केटबॉल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया है। ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी के अंतर्गत त्रिपुरा विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ईस्ट जोन अंतर विश्वविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर महाविद्यालय की चार छात्राओं मन्नू यादव, शिवानी, पिंकी और सोनाली ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। चारों छात्राओं ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने टीम भावना, अनुशासन और बेहतर तालमेल के साथ खेलते हुए अपनी टीम को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रदर्शन के आधार पर अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में जगह मिली है। यह उपलब्धि छात्राओं की मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम मानी जा रही है। प्रतियोगिता में पीजी कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अमृता सिंह ने टीम मैनेजर के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आत्मविश्वास, अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. अमृता सिंह ने कहा कि यह सफलता छात्राओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्हें आगे भी इसी उत्साह और लगन के साथ खेलते हुए नई उपलब्धियां हासिल करनी चाहिए। प्राचार्य प्रो. राघवेन्द्र पाण्डेय ने चारों छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। छात्राओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर महाविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। उनकी सफलता अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। प्राचार्य ने डॉ. अमृता सिंह के प्रयासों और मार्गदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए चयनित सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे आगामी प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बहरियाबाद : लालसा इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, वैज्ञानिक प्रयोगों ने मोहा मन, फैंसी ड्रेस व स्केटिंग का भी आयोजन
जखनियां : प्राथमिक विद्यालय में बाल मेले का हुआ आयोजन, बच्चों ने दुकानदार बन सीखा खरीद-बिक्री का हुनर >>