बहरियाबाद : राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में आदित्य यादव ने जीता स्वर्ण पदक, 3000 मीटर में अव्वल आकर रोशन किया गाजीपुर का नाम

बहरियाबाद। राष्ट्रीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के होनहार खिलाड़ी आदित्य यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। मध्य प्रदेश में आयोजित प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे आदित्य ने शुक्रवार को फाइनल मुकाबले में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से जनपद के शिक्षाधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों और खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। राष्ट्रीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 16 नवंबर तक मध्य प्रदेश स्थित एसएमएस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अंडर-17 बालक वर्ग की 3000 मीटर दौड़ के लिए गुरुवार को आयोजित मुकाबले में आदित्य यादव ने 8 मिनट 40.77 सेकेंड का समय निकालते हुए पहला स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद शुक्रवार को आयोजित फाइनल रेस में भी उन्होंने अपनी शानदार लय बरकरार रखी और 8 मिनट 43.6 सेकेंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। आदित्य यादव बापू इंटर कॉलेज सादात के छात्र हैं। उनकी इस सफलता ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है। सीमित संसाधनों के बीच मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी खेल प्रतिभा और लगन को दर्शाता है। आदित्य की उपलब्धि पर क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना जिले के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता से दूसरे विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, प्रधानाचार्य दिनेश यादव, उदयराज, भानुप्रताप सिंह, उदयभान सिंह, विजय शंकर राय, कमरुद्दीन, मुरलीधर राय, अंजनी सिंह, डॉ. रुद्रपाल यादव, सूर्यप्रकाश राय, नेसार अहमद फैज, तरुण, मनोज, सुनील, अखंड राय, हिमांशु सिंह, इन्द्रजीत, लालबहादुर, रामपलट, मनीष यादव, संजीव यादव, रामाशीष, गौरव सिंह, इब्राहिम खान, उदय शर्मा, सतीश सिंह, सिनोध कुमार, देवकुमार, अखिलेश यादव, रीना पाण्डेय, संजय आदि शिक्षकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

