सैदपुर : 17 नवंबर से शुरू होगा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर





सैदपुर। आगामी 17 नवंबर से शुरू होने वाले मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर शुक्रवार को डायट सभागार में बीएलओ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम ज्योति चौरसिया ने सभी बीएलओ को पुनरीक्षण कार्य के संबंध में विस्तार से दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी बीएलओ पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे युवाओं को मतदाता बनाने के लिए निर्धारित प्रपत्र भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। इसके साथ ही मतदाता सूची में यदि कहीं डुप्लीकेट नाम दर्ज हैं तो आवश्यक जांच के बाद उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाए। जिन मतदाताओं के नाम, पते या अन्य विवरण में त्रुटियां हैं, उन्हें संबंधित प्रपत्रों के माध्यम से संशोधित कराया जाए। मृतक मतदाताओं के नाम भी आवश्यक जांच-पड़ताल और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद सूची से विलोपित किए जाएं। एसडीएम ने मतदाता सूची में महिला और पुरुष मतदाताओं के अनुपात यानी जेंडर बैलेंस पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या काफी कम दर्ज है, वहां बीएलओ विशेष रूप से घर-घर जाकर जांच करें। यदि पात्र महिलाएं मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गई हैं तो उनका निर्धारित प्रपत्र भरवाकर नाम जुड़वाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान घर-घर संपर्क कर मतदाताओं से आवश्यक जानकारी प्राप्त करें और निर्धारित प्रपत्रों को सही तरीके से भरवाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या जल्दबाजी से बचते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करें, ताकि आगामी निर्वाचन के लिए त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके। इस मौके पर तहसीलदार हिमांशु सिंह, नायब तहसीलदार सुमन यादव, लेखपाल राहुल मौर्य, परमानंद मौर्य, गोविंद सिंह आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : जनगणना 2027 और मतदाता जागरूकता को लेकर निकली रैली, हरी झंडी दिखा सबसे आगे चलते दिखे एसडीएम व तहसीलदार
अनौनी : नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व, खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत, सोमवार को उदीयमान सूर्य के अर्घ्य के बाद होगा पारण >>