सैदपुर : जनगणना 2027 और मतदाता जागरूकता को लेकर निकली रैली, हरी झंडी दिखा सबसे आगे चलते दिखे एसडीएम व तहसीलदार

सैदपुर। जनगणना 2027 के प्रति लोगों को जागरूक करने और मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर में जागरूकता रैली निकाली गई। तहसील परिसर से उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आशा संगिनियों और नगर पंचायत के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में सबसे आगे उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, तहसीलदार हिमांशु सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारी चल रहे थे, जबकि उनके पीछे हाथों में जनजागरू से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर आशा संगिनियां लोगों को जागरूक कर रही थीं। रैली तहसील परिसर से निकलकर डायट होते हुए नगर के मुख्य बाजार से गुजरी और पुनः तहसील परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान लोगों को जनगणना में सक्रिय भागीदारी करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान एसडीएम ज्योति चौरसिया ने आशा संगिनियों एवं मौजूद लोगों को जनगणना 2027 के तहत होने वाली स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी और अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने सभी से अपील किया कि जनगणना के इस महत्वपूर्ण कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने मतदाता जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना और मतदान प्रक्रिया में भागीदारी करना बेहद जरूरी है। रैली के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने तथा पात्र नए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने का संदेश भी दिया गया। इस मौके पर तहसीलदार हिमांशु सिंह, नायब तहसीलदार सुमन यादव, विश्राम यादव, लेखपाल राहुल मौर्य, गोविंद सिंह सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

