औड़िहार : पहली बार औड़िहार जंक्शन पर भी गूंज रहे महापर्व छठ के पारंपरिक गीत, छठमय माहौल देख यात्रियों ने रेलवे की पहल को सराहा





औड़िहार। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर औड़िहार रेलवे स्टेशन पर भी भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। पर्व के उल्लास को यात्रियों तक पहुंचाने के लिए स्टेशन परिसर में छठ पूजा के पारंपरिक भोजपुरी गीतों का प्रसारण किया जा रहा है। मधुर लोकगीतों से पूरा स्टेशन परिसर छठमय नजर आ रहा है। ट्रेनों के इंतजार में स्टेशन पर बैठे यात्रियों को छठ गीतों की धुन आकर्षित कर रही है। खासकर बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों में इन गीतों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। घरों से दूर रहकर यात्रा कर रहे लोगों को स्टेशन पर छठ के पारंपरिक गीत सुनकर पर्व की याद ताजा हो रही है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छठ के अवसर पर स्टेशन परिसर में पारंपरिक गीतों का प्रसारण होने से पर्व की खुशियां और बढ़ गई हैं। इससे यात्रियों को भी अपने घर-परिवार और लोक परंपराओं से जुड़ाव महसूस हो रहा है। स्टेशन परिसर में गूंज रहे छठ गीतों से ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो लोक आस्था का यह महापर्व रेलवे स्टेशन पर भी पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा हो।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान के तहत लगा शिविर, 25 पेंशनरों का मौके पर बना जीवन प्रमाण-पत्र
जखनियां : तीसरे मोर्चे को लेकर भाजपा पर कांग्रेस का हमला, इंडी गठबंधन की जीत का किया दावा >>