डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान के तहत लगा शिविर, 25 पेंशनरों का मौके पर बना जीवन प्रमाण-पत्र

देवरिया। पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की सुविधा से जोड़ने और उन्हें घर बैठे प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी देने के उद्देश्य से पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से देवरिया में प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान-5.0 के तहत 12 नवंबर को आयोजित इस शिविर में कुल 25 पेंशनरों ने प्रतिभाग किया। शिविर में सभी 25 पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जारी किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में मंडल के लेखा एवं पेंशन अनुभाग की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की महत्ता, इसके उपयोग और इसे जमा करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान पेंशनरों को पंपलेट वितरित कर डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने का प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्हें बताया गया कि इस सुविधा के माध्यम से वे घर बैठे ही अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए बार-बार कार्यालयों और बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पेंशनरों को डिजिटल सुविधा के प्रति जागरूक करना और प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाना है।

