सीवान : 2 अस्थाई आश्रय स्थलों के साथ छठ पर्व पर सीवान जंक्शन पर 450 यात्रियों के ठहरने की हुई व्यवस्था, महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष टीम तैनात





सीवान। छठ महापर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से सीवान जंक्शन पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेशन परिसर में दो अस्थायी यात्री आश्रय स्थल बनाए गए हैं। इनमें एक का क्षेत्रफल 2250 वर्गफीट और दूसरे का 1800 वर्गफीट है। दोनों आश्रय स्थलों में एक साथ करीब 450 यात्रियों के बैठने और ठहरने की व्यवस्था की गई है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में किए गए इन प्रबंधों से छठ पर्व पर घर आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिल रही है। आश्रय स्थलों में यात्रियों के लिए बिजली, पंखे, स्वच्छ पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सामान्य टिकट के लिए मोबाइल यूटीएस टिकटिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिल सके। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी देने के लिए जन उद्घोषणा प्रणाली के स्पीकर और वीडियो पैनल भी लगाए गए हैं। स्टेशन परिसर में यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए सर्कुलेटिंग एरिया को वाहनमुक्त रखने के साथ प्रवेश और निकास मार्गों का व्यवस्थित प्रबंधन किया गया है। प्लेटफार्मों पर भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और सीमांकन किया गया है। यात्रियों की सहायता के लिए अलग-अलग शिफ्टों में 24 घंटे ‘मे आई हेल्प यू’ सहायता बूथ संचालित किए जा रहे हैं। टिकट वितरण व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं। वहीं, एटीवीएम और मोबाइल यूटीएस के संचालन में यात्रियों की मदद के लिए फैसिलिटेटर नियुक्त किए गए हैं। सामान्य और आरक्षण टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड से भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरों से स्टेशन परिसर की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। आरपीएफ और राज्य पुलिस के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था संभाली जा रही है। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष महिला टीम तैनात की गई है। फुट ओवरब्रिज और प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में आरपीएफ जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा सीवान जंक्शन और वाराणसी स्थित मंडल नियंत्रक कक्ष में 24 घंटे निगरानी के लिए मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। स्टेशन पर रेल अधिकारियों और वरिष्ठ पर्यवेक्षकों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। वाराणसी मंडल मुख्यालय से भी स्टेशन की गतिविधियों और यात्रियों की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, स्टेशन परिसर में छठ गीतों के प्रसारण से पर्व का उल्लासपूर्ण माहौल बना हुआ है। रेलवे प्रशासन के अनुसार इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< छपरा : छठ पर्व पर छपरा जंक्शन पर 600 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था शुरू, बने दो अस्थायी आश्रय स्थल, 24 घंटे खुलेंगे सहायता बूथ
देवरिया : छठ पर्व पर देवरिया सदर स्टेशन पर 300 यात्रियों की क्षमता वाला अस्थायी आश्रय स्थल तैयार, 24 घंटे संचालित हो रहे सहायता बूथ >>