देवरिया : छठ पर्व पर देवरिया सदर स्टेशन पर 300 यात्रियों की क्षमता वाला अस्थायी आश्रय स्थल तैयार, 24 घंटे संचालित हो रहे सहायता बूथ

देवरिया। छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेशन परिसर में 2400 वर्गफीट क्षेत्रफल में अस्थायी यात्री आश्रय स्थल बनाया गया है। इसमें एक साथ करीब 300 यात्रियों के बैठने और ट्रेनों की प्रतीक्षा करने की क्षमता है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में किए गए इन इंतजामों से छठ पर्व पर घर आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिल रही है। आश्रय स्थल में बिजली, पंखे, स्वच्छ पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। वहीं, सामान्य टिकट के लिए मोबाइल यूटीएस टिकटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे यात्रियों को टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिल रही है। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी देने के लिए जन उद्घोषणा प्रणाली के स्पीकर और वीडियो पैनल भी लगाए गए हैं। स्टेशन परिसर में यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए सर्कुलेटिंग एरिया को वाहनमुक्त रखने के इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश और निकास मार्गों का व्यवस्थित प्रबंधन करने के साथ ही प्लेटफार्मों पर बैरिकेडिंग और सीमांकन किया गया है, ताकि यात्रियों की आवाजाही कतारबद्ध तरीके से हो सके। यात्रियों की सहायता के लिए अलग-अलग शिफ्टों में 24 घंटे ’मे आई हेल्प यू’ बूथ संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने के साथ एटीवीएम और मोबाइल यूटीएस के संचालन में सहायता के लिए फैसिलिटेटर नियुक्त किए गए हैं। सामान्य और आरक्षण टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड से डिजिटल भुगतान की सुविधा भी दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। आरपीएफ और राज्य पुलिस के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था संभाली जा रही है। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष महिला टीम तैनात की गई है। फुट ओवरब्रिज और प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही स्टेशन पर मिनी कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां रेल अधिकारियों और वरिष्ठ पर्यवेक्षकों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। वाराणसी मंडल मुख्यालय के नियंत्रक कक्ष से भी स्टेशन की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। स्टेशन परिसर में छठ गीतों के प्रसारण से पर्व का माहौल भी बना हुआ है। रेलवे प्रशासन के अनुसार इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

