छपरा : छठ पर्व पर छपरा जंक्शन पर 600 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था शुरू, बने दो अस्थायी आश्रय स्थल, 24 घंटे खुलेंगे सहायता बूथ





छपरा। छठ महापर्व पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से छपरा जंक्शन पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेशन परिसर में दो अस्थायी यात्री आश्रय स्थल (होल्डिंग एरिया) बनाए गए हैं। इनमें एक का आकार 100×60 फीट और दूसरे का 40×30 फीट है। दोनों आश्रय स्थलों में एक साथ करीब 600 यात्रियों के बैठने और ट्रेनों की प्रतीक्षा करने की क्षमता है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में किए गए इन प्रबंधों का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। दोनों आश्रय स्थलों में बिजली, पंखे और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा और मोबाइल यूटीएस टिकटिंग की सुविधा भी दी जा रही है, ताकि सामान्य टिकट के लिए उन्हें लंबी कतारों में खड़ा न होना पड़े। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी देने के लिए जन उद्घोषणा प्रणाली के स्पीकर और वीडियो पैनल लगाए गए हैं। इन माध्यमों से यात्रियों को ट्रेनों से संबंधित आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। होल्डिंग एरिया बनाने का प्रमुख उद्देश्य प्लेटफार्मों पर अनावश्यक भीड़ को रोकना और यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रखना है। इसके अलावा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को वाहनमुक्त रखने के साथ प्रवेश और निकास मार्गों का समुचित प्रबंधन किया गया है। प्लेटफार्मों पर सीमांकन और बैरिकेडिंग की गई है। यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे ‘मे आई हेल्प यू’ बूथ संचालित किए जा रहे हैं। टिकट वितरण को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं। वहीं, एटीवीएम और मोबाइल यूटीएस के संचालन में मदद के लिए फैसिलिटेटर नियुक्त किए गए हैं। सामान्य और आरक्षण टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड से भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। आरपीएफ और राज्य पुलिस के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था संभाली जा रही है। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष महिला टीम तैनात की गई है। फुट ओवरब्रिज और प्लेटफार्मों पर भीड़ को नियंत्रित करने तथा यात्रियों का कतारबद्ध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में आरपीएफ जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। वहीं, वाराणसी स्थित मंडल मुख्यालय के नियंत्रक कक्ष से भी छपरा जंक्शन की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्टेशन पर रेल अधिकारियों और वरिष्ठ पर्यवेक्षकों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में छठ के पारंपरिक गीतों का प्रसारण भी किया जा रहा है, जिससे पर्व का उल्लासपूर्ण माहौल बना हुआ है। रेलवे प्रशासन के अनुसार यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बलिया : छठ पर्व पर बलिया स्टेशन पर ठहर सकेंगे 260 यात्री, तीन अस्थायी आश्रय स्थल भी बनाए गए, टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड से कर सकेंगे भुगतान
सीवान : 2 अस्थाई आश्रय स्थलों के साथ छठ पर्व पर सीवान जंक्शन पर 450 यात्रियों के ठहरने की हुई व्यवस्था, महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष टीम तैनात >>