शादियाबाद : बाजार करने आई महिला को बातों में उलझाकर ठगों ने उड़ाए मंगलसूत्र, कनफूल और दो हजार रुपये नकद, पुलिस चौकी से कुछ ही कदम दूर की घटना





शादियाबाद। थानाक्षेत्र के हंसराजपुर बाजार में उचक्कों ने एक बार फिर महिला को झांसे में लेकर उसके सोने के गहने और नकदी पार कर दी। बुधवार की शाम तीन युवकों ने चौकड़ी गांव निवासिनी उर्मिला निषाद पत्नी राममूरत निषाद को अपना निशाना बनाया। आरोप है कि युवकों ने उनके कान की सोने की बाली, गले का मंगलसूत्र और झोले में रखे दो हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। उर्मिला बुधवार की शाम खरीदारी करने हंसराजपुर बाजार आई थीं। इसी दौरान तीन युवकों ने उन्हें रोककर बातचीत में उलझा दिया। इसके बाद उन्हें एक बंद दुकान के सामने बैठा दिया। आरोप है कि एक युवक ने गमछा हिलाकर उनके सामने कोई हरकत की, जिसके बाद वह अचेत जैसी स्थिति में पहुंच गईं। इसी दौरान युवकों ने उनसे कान की बाली और गले का मंगलसूत्र उतारकर झोले में रखने को कहा। महिला ने उनकी बात मान ली। इसके बाद तीनों युवक झोले में रखे गहने और दो हजार रुपये लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद होश आने पर महिला ने झोले की जांच की तो गहने और नकदी गायब मिले। इसके बाद वह रोने-बिलखने लगीं। उनकी आवाज सुनकर बाजार के लोग जुट गए। बता दें कि बीते 28 अक्टूबर को भी इसी बाजार में ऐसी ही एक घटना हुई थी। उस समय उचक्कों ने हंसराजपुर निवासी कांता देवी पत्नी पारसनाथ गुप्ता को निशाना बनाया था। वह सब्जी लेकर घर लौट रही थीं, तभी दो युवकों ने उन्हें रोककर 25 हजार रुपये गिरने का झांसा दिया। आरोप है कि एक युवक ने गमछे से उनके सामने कुछ हरकत की, जिसके बाद वह होश खो बैठीं। इसी दौरान दोनों युवक उनका मंगलसूत्र और कान के कनफूल लेकर फरार हो गए। करीब आधे घंटे बाद उन्हें गहने गायब होने की जानकारी हुई। इस क्षेत्र में लगातार इस तरह की घटनाएं होने से व्यापारियों और ग्रामीणों में भय एवं आक्रोश है। लोगों का कहना है कि उचक्कों के बढ़ते हौसलों के चलते महिलाएं बाजार आने में भी असुरक्षित महसूस कर रही हैं। पीड़िता ने हंसराजपुर पुलिस चौकी पर घटना की सूचना दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< दुल्लहपुर : खेत का मेड़ तोड़ने के विवाद में लाठी-डंडों से हुई मारपीट में पिता-पुत्र हुए घायल, चार के खिलाफ मुकदमा
जखनियां : दबंगों ने पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से किया हमला, युवक गंभीर रूप से घायल, आरोपी गिरफ्तार >>