दुल्लहपुर : खेत का मेड़ तोड़ने के विवाद में लाठी-डंडों से हुई मारपीट में पिता-पुत्र हुए घायल, चार के खिलाफ मुकदमा

दुल्लहपुर। क्षेत्र के रेवरिया गांव में खेत की जुताई के दौरान मेड़ तोड़ने के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से हमला कर पिता-पुत्र को घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी महातम गिरी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि मंगलवार की सुबह उनके ट्रैक्टर से खेत की जुताई हो रही थी। इसी दौरान मेड़ तोड़ने का आरोप लगाते हुए विपक्षी सूरज गिरी, रामकेवल गिरी, डब्लू और बबलू उनके पुत्र पवन गिरी से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घटना के समय महातम गिरी दूध बेचने गए थे। वापस लौटने पर जब वह पूछताछ करने विपक्षियों के घर पहुंचे तो आरोप है कि वहां भी उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान उनका मोबाइल और चश्मा भी तोड़ दिया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सूरज गिरी, रामकेवल गिरी, डब्लू और बबलू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

