मरदह : कोलकाता में हुए हादसे में मजदूर की मौत, परिवार के इकलौते कमासुत का गांव पहुंचा शव तो परिजनों में मची चीख पुकार

मरदह। थानाक्षेत्र के ऊंचौर निवासी विनोद प्रजापति की कोलकाता में हुए हादसे में मौत हो गई। विनोद कोलकाता में ट्रक चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। बीते सोमवार को ट्रक की चपेट में आने से विनोद की मौत हो गई थी। वो परिवार के इकलौते कमासुत थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बुधवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद उनका शव पैतृक गांव पहुंचा तो घर में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। वहीं उनकी पत्नी शिवरानी देवी सहित 3 बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। बिलखते हुए उनकी पत्नी ने बताया कि कुद वर्ष पूर्व भी ट्रक चलाने के दौरान हुई दुर्घटना में उनके हाथ-पैर टूट गए थे। काफी मुश्किलों से उनका इलाज कराया गया था। इसके बावजूद परिवार की आजीविका चलाने के लिए वह दोबारा काम पर लौटे थे।

