नोनहरा : पंचपर्व के अंतिम दिन पोखरे में उतराया मिला अज्ञात युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

नोनहरा। थानाक्षेत्र के रानीपुर गांव के पास बुधवार की सुबह पोखरे में एक अज्ञात युवक का शव उतराया मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने पोखरे के पानी में शव देखा तो इसकी सूचना गांव में फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने युवक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष विवेक तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास किया। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। उसने फुल शर्ट और पैंट पहन रखी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव की स्थिति देखकर प्रतीत होता है कि वो कई दिनों से पानी में पड़ा हुआ था, जिससे उसका शरीर फूल गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस में रखवा दिया है। फिलहाल युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

