गाजीपुर : जुआ खेलने के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग में युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम किया फोरलेन, मुर्दाबाद के लगाए नारे, हत्यारोपी प्रधान ने फिल्मी स्टाइल में किया सरेंडर

गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहांव गांव में सोमवार की रात गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। इस दौरान दो युवकों को गोली मार दी गई। उपचार के दौरान मोहांव के पासीपुरा निवासी अजय कुमार पासी पुत्र प्रकाश पासी की मौत हो गई, जबकि इस्लामाबाद निवासी सुरेंद्र कुमार पुत्र बिरजू राम की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना को लेकर बकराबाद के ग्राम प्रधान संजय बिंद पर दोनों युवकों को गोली मारने का आरोप लगाया गया है। वारदात के बाद हमलावर मौके पर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपित की बाइक को आग के हवाले कर दिया। इधर सुबह हत्यारोपी ग्राम प्रधान ने फिल्मी स्टाइल में हाथ में तख्ती लेकर सरेंडर कर दिया। इधर युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर महाराजगंज गोलंबर के पास सड़क जाम कर दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही गाजीपुर के दर्जनों थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


