जखनियां : त्योहारों के बाद बैंक खुलते ही सुरक्षा को लेकर अलर्ट हुई पुलिस, कोतवाल ने किया निरीक्षण

जखनियां। दीपावली पर्व के अवकाश के बाद मंगलवार को बैंक खुलते ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सक्रिय हो गई। भुड़कुड़ा कोतवाल धर्मेंद्र पांडेय ने हमराहियों के साथ कस्बा स्थित यूनियन बैंक शाखा पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बैंक में मौजूद ग्राहकों से पूछताछ की और परिसर की गतिविधियों पर नजर रखी। निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने बैंक परिसर में बिना किसी जरूरी काम के घूम रहे लोगों को सख्त हिदायत दी कि अनावश्यक रूप से बैंक में प्रवेश न करें और न ही परिसर में बेवजह भीड़ लगाएं। पुलिस ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को भी सतर्क रहने की सलाह देते हुए किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा। कोतवाल धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि त्योहारों के दौरान लगातार कई दिनों तक बैंक बंद रहने के बाद खुलने पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में बैंक और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से निरीक्षण किया गया। वहीं यूनियन बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक विनोद यादव ने बताया कि पुलिस टीम ने बैंक परिसर के साथ ही बाहरी क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। त्योहारों के बाद बैंक खुलने पर पुलिस की इस सक्रियता से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ी है।

