वाराणसी : डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान के तहत लगा जागरूकता शिविर, 25 पेंशनरों का बना प्रमाण-पत्र

वाराणसी। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 के तहत मंगलवार को प्रयागराज रामबाग में प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 25 पेंशनरों ने सहभागिता की। इस दौरान सभी 25 पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (डीएलसी) जारी किया गया। शिविर में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही इसे जारी कराने में आने वाली तकनीकी समस्याओं का समाधान भी बताया गया। उन्हें घर बैठे ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया, ताकि भविष्य में उन्हें इस कार्य के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर का संचालन वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी पूनम कुमारी, वरिष्ठ लेखाकार विकास कुमार पांडेय और कार्यालय सहायक प्रमोद कुमार ने किया। रेलवे प्रशासन के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की सुविधा के प्रति जागरूक करना और उनके लिए जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाना है।

