गाजीपुर : छठ पर्व पर मुजफ्फरपुर-अहमदाबाद के बीच चली अनारक्षित स्पेशल ट्रेन, गाजीपुर सिटी और औड़िहार में भी होगा ठहराव

गाजीपुर। दीपावली के बाद छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने मुजफ्फरपुर से अहमदाबाद के बीच अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 09168 मुजफ्फरपुर-अहमदाबाद अनारक्षित विशेष गाड़ी मंगलवार को मुजफ्फरपुर से रवाना हुई। इस ट्रेन का ठहराव गाजीपुर सिटी और औड़िहार रेलवे स्टेशन पर भी निर्धारित किया गया है, जिससे जिले के यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन मुजफ्फरपुर से सुबह 4 बजे प्रस्थान कर सुबह 11ः10 बजे गाजीपुर सिटी पहुंचेगी। यहां से 11ः12 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12ः10 बजे औड़िहार पहुंचेगी। औड़िहार से 12ः12 बजे रवाना होकर वाराणसी सिटी, वाराणसी जंक्शन, जौनपुर, अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, झांसी, बीना, गुना, उज्जैन और रतलाम सहित विभिन्न स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन अहमदाबाद पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में शयनयान एवं सामान्य द्वितीय श्रेणी के 10 कोच तथा दो एसएलआरडी कोच सहित कुल 12 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे प्रशासन के अनुसार छठ पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिल सकेगी।

