वाराणसी : डाला छठ के बाद मुंबई व पुणे तक के यात्रियों को मिलेगी राहत, गाजीपुर-पुणे समेत तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का बढ़ाया गया दो-दो फेरा

गाजीपुर। छठ पर्व के बाद ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तीन जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों को नवंबर के अंतिम सप्ताह में दो-दो अतिरिक्त फेरों के लिए चलाया जाएगा। इसमें गाजीपुर सिटी से पुणे के हडपसर स्टेशन जाने वाली विशेष ट्रेन भी शामिल है। इससे मुंबई, पुणे और आसपास के क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। पूर्वाेत्तर रेलवे के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 01431 हडपसर-गाजीपुर सिटी विशेष ट्रेन 24 और 27 नवंबर को दो अतिरिक्त फेरों में चलाई जाएगी। वहीं 01432 गाजीपुर सिटी-हडपसर विशेष ट्रेन 26 और 29 नवंबर को अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इसके अलावा 01051 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस विशेष ट्रेन 25 और 26 नवंबर को तथा 01052 बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस विशेष ट्रेन 26 और 27 नवंबर को संचालित होगी। इसी क्रम में 01123 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ विशेष ट्रेन 22 और 27 नवंबर को तथा 01124 मऊ-लोकमान्य तिलक टर्मिनस विशेष ट्रेन 24 और 29 नवंबर को अतिरिक्त फेरे लगाएगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार इन सभी ट्रेनों के ठहराव, समय, रेक संरचना और मार्ग में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही इनका संचालन होगा। छठ पर्व के बाद घर से कामकाज पर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिल सकेंगे।

