दिलदारनगर : बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर, ट्रॉमा सेंटर रेफर

दिलदारनगर। थानाक्षेत्र के दिलदारनगर-देवैथा मार्ग पर मिर्चा गांव स्थित मिनी स्टेडियम के पास मंगलवार को बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए, जिनमें एक को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हाल में वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जबुरना गांव निवासी अजीत कुमार सिंह कुशवाहा उर्फ शेरू पुत्र अशेष कुशवाहा और विवेक सिंह कुशवाहा बाइक से दिलदारनगर बाजार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मिर्चा मिनी स्टेडियम के पास सामने से आ रही स्कूटी को बचाने के चक्कर में बाइक व स्कूटी की टक्कर हो गई। घटना में स्कूटी सवार को भी मामूली चोटें आईं, जिसके बाद वह मौके से चला गया। वहीं हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने दोनों घायल युवकों को दिलदारनगर स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से एक को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

