गाजीपुर : भाजपा महिला मोर्चा की परिचयात्मक एवं अभिनंदन बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और जीत का लिया संकल्प

गाजीपुर। भाजपा महिला मोर्चा के जिला पदाधिकारियों की परिचयात्मक एवं अभिनंदन बैठक मंगलवार को जिला कार्यालय छावनी लाइन स्थित सभागार में हुई। बतौर मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र अध्यक्ष सुनीता सिंह और जिलाध्यक्ष माया सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। बैठक में संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि संगठन में नए दायित्व प्राप्त करने वाली मातृशक्ति के लिए यह गौरव का विषय है कि महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा इसी जनपद से हैं। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश में महिला मोर्चा संगठनात्मक सक्रियता का नया इतिहास रचेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि महिला मोर्चा की समर्पित कार्यशक्ति के बल पर जिले की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत का परचम लहराएगी। जिलाध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिले की भौगोलिक, सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गाजीपुर में सात विधानसभा क्षेत्र, 3335 बूथ और 604 संगठनात्मक शक्ति केंद्रों के माध्यम से पार्टी अपनी संगठनात्मक एवं राजनीतिक गतिविधियों का संचालन करती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ संगठन के दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कहा कि सामूहिक प्रयास और अनुशासित कार्यशैली ही संगठन की असली ताकत है। इस मौके पर साधना राय, किरन सिंह, विभा पाल, सुमन बिंद, सुशीला सोनकर, गोदावरी राजभर, रंजू विश्वकर्मा, डॉ. सरिता कुशवाहा, रम्भा राय, कल्पना कुशवाहा, अंजली सोनकर, रोली शर्मा, मधुबाला राय, करुणा श्रीवास्तव, दीपमाला श्रीवास्तव, सुनीता सिंह, गुड्डी पांडेय, निहारिका बिंद, सोनी प्रजापति, सीमा शर्मा आदि रहीं। संचालन जिला उपाध्यक्ष नीलम सिंह ने व आभार महामंत्री व ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह ने ज्ञापित किया।

