गाजीपुर : नशे पर रोकथाम की दिशा में गाजीपुर पुलिस का गुडवर्क, 4 करोड़ की अवैध हेरोईन संग 4 अंतर्राज्यीय हेरोईन तस्कर गिरफ्तार

गाजीपुर। नशे पर रोकथाम की दिशा में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गाजीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बनारस-गोरखपुर हाईवे स्थित अरसदपुर तिराहे के पास घेरेबंदी कर चार अंतर्राज्यीय हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 1.904 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अरसदपुर तिराहे के पास कुछ लोग मादक पदार्थों की तस्करी के लिए मौजूद हैं। इस पर स्वाट टीम प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित बालियान और जंगीपुर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हेरोइन और मोबाइल फोन बरामद हुए। जिसके बाद उन्हें थाने लाकर पूछताछ की गई। उनमें से 3 आरोपी बिहार के कैमूर जिले के थे। उन्होंने अपना नाम जमीर हवारी पुत्र नईम निवासी बनका बउआरा, थाना कुड़नी, गुलशन कुमार पुत्र वकील सिंह और बबलू कुमार यादव पुत्र रमाकान्त सिंह यादव निवासी कारी राम, थाना नुआँव के अलावा गाजीपुर के दिलदारनगर स्थित खजुरी निवासी विवेक यादव पुत्र विनोद यादव बताया। जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। इसके बाद पुलिस उनके नेटवर्क की छानबीन में जुट गई है।

