गाजीपुर : भैयादूज की रात में 3 बहनों के इकलौते भाई की हत्या, जुआ खेलने के दौरान विवाद में प्रधान द्वारा चलाई गोली से युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहांव गांव के पास पासीपुरवा में सोमवार की रात जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में फायरिंग से दो युवक घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान अजय पासी (28) की मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल इस्लामाबाद निवासी सुरेंद्र राम (35) का उपचार जारी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे तालाब के किनारे आठ से दस लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान बकराबाद का प्रधान संजय बिंद पुत्र फिरंगी भी अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां जुआ खेलने पहुंचा। जुआ खेलने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी बीच संजय बिंद ने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली मोहांव निवासी अजय पासी के पेट के बाईं तरफ और इस्लामाबाद निवासी सुरेंद्र राम के दाहिने हाथ में गोली लगी। घटना के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। उपचार के दौरान अजय ने दम तोड़ दिया, जबकि सुरेंद्र का इलाज जारी है। सुरेंद्र राजमिस्त्री का काम करते हैं। मृतक अजय तीन बहनों में इकलौता भाई था और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी तीन वर्षीय बेटी लाडो है। भैयादूज की रात में ही इकलौते भाई की मौत के बाद तीनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पति की मौत से पत्नी अपर्णा पासवान चीख चिल्ला रही है। उन्होंने बताया कि पति घर से यह कहकर निकले थे कि पांच मिनट में लौट आएंगे, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत की खबर मिली। पत्नी ने मामले में न्याय की मांग की है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

