जमानियां : पटाखे छोड़ने के दौरान मनबढ़ ने कथित रूप से युवक के पैर में मारी गोली, जिला अस्पताल में भर्ती

जमानियां। थानाक्षेत्र के हमीदपुर में रविवार की रात पटाखे छोड़ने के दौरान किसी तरह से कथित रूप से गोली लगने से अखिलेश नामक युवक घायल हो गया। गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया। रविवार की रात गांव में लोग दीपावली के अवसर पर पटाखे छोड़ रहे थे। इसी दौरान अखिलेश सड़क किनारे से गुजर रहा था। आरोप है कि तभी एक युवक ने असलहे से फायरिंग कर दी, जिसकी गोली अखिलेश के दाहिने पैर में जा लगी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। इस संबंध में कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

